महिला टी20 विश्वकप 2026 में पाकिस्तान का अभियान जीत के साथ समाप्त हुआ। अपने अंतिम मुकाबले में टीम ने नीदरलैंड्स को 37 रनों से मात दी। इस मुकाबले से पहले लगातार चार मैच हारने की वजह से पाकिस्तानी टीम लीग राउंड से ही बाहर हो गई थी, जिसकी काफी निंदा की जा रही थी। इस बीच, पाकिस्तान महिला टीम की पूर्व दिग्गज कप्तान सना मीर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर महिला क्रिकेटरों को मिलने वाली नफरत, झूठे प्रोपेगैंडा और जेंडर डिस्क्रिमिनेशन (लैंगिक भेदभाव) पर खुलकर अपनी भड़ास निकाली है। उन्होंने पूर्व पुरुष कप्तान शाहिद अफरीदी के पुराने विवादित बयान को लेकर भी उन्हें जमकर आड़े हाथों लिया।

'महिला टीम ने देश को दिलाए हैं कई ऐतिहासिक पल'

सना मीर ने अपने वीडियो में कहा:

  • "मौजूदा टी20 विश्व कप में टीम के कमजोर खेल ने निश्चित रूप से सभी को मायूस किया है। लेकिन हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि हमने सालों की मेहनत से यह साबित किया है कि पाकिस्तान की बेटियों में बड़ा उलटफेर करने का दम है।"

  • "हमने टी20 वर्ल्ड कप के मंच पर भारत जैसी मजबूत टीम को दो बार (2012 और 2016 में) शिकस्त दी है। इसके अलावा हमने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते और इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीजदक्षिण अफ्रीका जैसी दुनिया की शीर्ष टीमों को धूल चटाई है।"

  • "हमारी खिलाड़ी आईसीसी रैंकिंग में ऊपर आईं और कुछ को ग्लोबल सम्मान भी मिला। घरेलू क्रिकेट के ढांचे में कमियां अपनी जगह हैं और मैं उन पर हमेशा बोलती रहूंगी, पर सबसे ज्यादा तकलीफदेह समाज की संकीर्ण सोच है।"

'पुरुष खिलाड़ी भी हारते हैं, पर उनके साथ ऐसा बर्ताव नहीं होता'

सना मीर ने इस बात पर जोर दिया कि महिला खिलाड़ियों को सिर्फ उनके जेंडर की वजह से निशाना बनाया जाता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "जब पुरुष टीम बड़े टूर्नामेंट हारकर बाहर होती है, तो क्या उनके साथ ऐसा अपमानजनक व्यवहार किया जाता है? हम भी टीवी शोज में क्रिकेट एक्सपर्ट के तौर पर बैठते हैं, लेकिन क्या किसी महिला विशेषज्ञ ने कभी यह कहा कि पुरुष क्रिकेटरों को तंदूर पर रोटियां सेकनी चाहिए?"

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया का मिसाल देते हुए कहा कि वहां की महिला टीम आज इसलिए दुनिया पर राज कर रही है क्योंकि बरसों पहले वहां के पुरुष क्रिकेटरों ने अपनी महिला खिलाड़ियों को बराबरी का हक और सम्मान दिलाने के लिए स्टैंड लिया था।

शाहिद अफरीदी के विवादित बयान पर जताई कड़ी आपत्ति

पूर्व कप्तान ने शाहिद अफरीदी के उस पुराने और चर्चित बयान पर तीखा पलटवार किया, जिसमें अफरीदी ने कहा था कि महिलाओं के हाथ में क्रिकेट के बल्ले से ज्यादा खाना बनाने का हुनर अच्छा लगता है।

शाहिद अफरीदी का विवादित बयान: "हमारी महिलाओं के खून में बेहतरीन खाना बनाना है, उन्हें उसी पर ध्यान देना चाहिए। जहां तक क्रिकेट खेलने का सवाल है, जो भी उन्हें प्रमोट करना चाहता है, उसे मेरी शुभकामनाएं।"

सना मीर ने कहा कि इस तरह की सोच महिलाओं के आत्मविश्वास को पूरी तरह से कुचल देती है और जब तक महिलाओं के प्रति यह नजरिया नहीं बदलेगा, कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता।

डीपफेक और एआई वीडियो के जरिए उत्पीड़न

सना मीर ने सोशल मीडिया के मौजूदा दौर में चल रहे गंदे खेल पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने खुलासा किया कि महिला क्रिकेटरों और उनके परिवारों की छवि को धूमिल करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सहारा लेकर फर्जी वीडियो बनाए जा रहे हैं और उनके खिलाफ झूठी अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यही घटिया मानसिकता समाज में उत्पीड़न को बढ़ावा देती है, जिससे आने वाले समय में कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा।