वाराणसी| उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में सोमवार तड़के एक खौफनाक घटना सामने आई। चौक थाना इलाके के बेनियाबाग स्थित हरिजन बस्ती में राजन नाम के एक युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी।इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और चौक थाने की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।खून से लथपथ राजन को आनन-फानन में इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।शुरुआती जांच में हत्या की वजह कोई पुरानी रंजिश मानी जा रही है। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की सघन जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।