भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपने जन्मदिन (PM Modi Birthday) के मौके पर मध्यप्रदेश के धार जिले के भैंसोला गांव आएंगे। यहां वे सेवा पखवाड़े (Seva Pakhwada) की शुरुआत करेंगे और बदनावर में बनने वाले पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क (PM Mitra Park) का भूमिपूजन करेंगे।
बीजेपी ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े का आयोजन किया है। इस दौरान देशभर में सामाजिक और जनहित से जुड़े कई अभियान चलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि पीएम मोदी के आगमन पर प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा मिलेगा। 2177 एकड़ में बनने वाले इस टेक्सटाइल पार्क से करीब 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
सेवा पखवाड़े में होंगी खास गतिविधियां
सेवा पखवाड़े के तहत बीजेपी ने अलग-अलग थीम और कार्यक्रम तय किए हैं। इनका उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, जनसहभागिता बढ़ाना और मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
- स्वच्छता अभियान– स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल, रेलवे स्टेशन, मंदिर, पार्क और ऐतिहासिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा।
- एक पेड़ मां के नाम – बूथ स्तर पर पौधारोपण होगा। ‘नमो वन’ तैयार किए जाएंगे, जिनमें पुराने पार्कों का नाम नहीं बदला जाएगा।
- रक्तदान शिविर – हजारों की संख्या में रक्तदान शिविर लगेंगे। पहले जिलों में, फिर मंडलों में शिविर आयोजित होंगे।
- हेल्थ कैम्प – प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर फ्री हेल्थ कैम्प होंगे। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग-अलग कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
- डॉक्यूमेंट्री फिल्म – कॉलेज और सामुदायिक हॉल में पीएम मोदी के जीवन और संघर्ष पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी।
- प्रबुद्ध वर्ग संवाद – ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे विषयों पर बौद्धिक संगोष्ठियां होंगी।
- सम्मान समारोह – खेल, कला, शिक्षा और सेवा क्षेत्र में काम करने वाले दिव्यांगों और विशिष्ट जनों को सम्मानित किया जाएगा।
- वोकल फॉर लोकल मेले – स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रदर्शनियां और मेले होंगे।
- खेल प्रतियोगिताएं – गांव से लेकर लोकसभा स्तर तक एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, हॉकी, बैडमिंटन जैसे खेलों की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
- चित्रकला प्रतियोगिता – ‘विकसित भारत’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे विषयों पर चित्रकारी होगी।
- मोदी विकास मैराथन – 75 बड़े शहरों में मैराथन का आयोजन होगा, जिसमें स्वच्छ भारत और नशामुक्त भारत का संदेश दिया जाएगा।
समापन गांधी जयंती पर
सेवा पखवाड़ा 2 अक्टूबर को गांधी और शास्त्री जयंती पर समाप्त होगा। इस दिन बीजेपी कार्यकर्ता वोकल फॉर लोकल का संकल्प लेते हुए खादी वस्त्र खरीदेंगे।माना जा रहा है कि पीएम मोदी का जन्मदिन केवल उत्सव नहीं बल्कि सेवा और समाज कल्याण का अभियान बनेगा।