भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने रविवार को मऊगंज (Mauganj) जिले के प्रसिद्ध देवतालाब शिव मंदिर (Devtalab Shiv Mandir) में भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक (Rudrabhishek) किया। उन्होंने भगवान आशुतोष से प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में बने शिवकुंड का अवलोकन किया और इसके सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य करने की बात कही।
बांकेलाल ने बजाई शहनाई
पूजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शहनाई वादक बांकेलाल ने अपनी प्रस्तुति दी, जिसकी मुख्यमंत्री ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, देवतालाब विधायक गिरीश गौतम, सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह, त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बहुती प्रपात पर किया गौपूजन
मऊगंज प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव बहुती प्रपात के समीप आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने गौपूजन किया। मुख्यमंत्री ने स्वयं को सदैव एक गोपालक के रूप में गर्व से प्रस्तुत किया है। उनके निवास पर भी गौमाता रहती हैं और वे प्रतिदिन पूजन का नियम निभाते हैं।
सौखीलाल यादव की गौसेवा को सराहा
बहुती प्रपात पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मुलाकात रकरी गांव के गौसेवक सौखीलाल यादव से हुई। सौखीलाल अपनी विशेष कला के लिए जाने जाते हैं कि वे जंगल में विचरण करने वाली गौमाताओं को मात्र एक आवाज में अपने पास बुला लेते हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी इस अनोखी सेवा भावना की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।