भोपाल। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दिए जाने के विवाद का असर मध्यप्रदेश में दिखाई दिया। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, सीहोर और गुना समेत कई जिलों में भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस कार्यालयों के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। जगह-जगह राहुल गांधी के पुतले जलाए गए और कई स्थानों पर कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कुछ जगहों पर धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई।
इंदौर में महिला मोर्चा का गांधी भवन पर विरोध
इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस दफ्तर गांधी भवन पर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की, वहीं कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को फ्लॉप शो करार दिया।
ग्वालियर में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने
ग्वालियर में भाजपा और भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता रैली निकालकर कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचे। यहां राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ नारेबाजी की गई और दोनों के पुतले जलाए गए। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हंगामा और तनाव की स्थिति बन गई।
उज्जैन में कांग्रेस दफ्तर को घेरा
उज्जैन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका, जिसके चलते दोनों तरफ से नारेबाजी होती रही। यहां भी माहौल तनावपूर्ण रहा।
गुना में राहुल गांधी के पुतले की अर्थी निकाली
गुना में भाजपा महिला मोर्चा ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी के पुतले की अर्थी निकाली। कार्यकर्ता अर्थी को कंधे पर लेकर चलीं और बाद में कांग्रेस कार्यालय के सामने पुतला दहन किया।
सीहोर में झड़प के दौरान कार्यकर्ता घायल
सीहोर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर के सामने पुतला जलाया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और धक्का-मुक्की हुई। इसमें भाजपा का एक कार्यकर्ता घायल हो गया।