भिंड। बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह से तकरार के बाद भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उन्हें क्षत्रिय समाज की ओर से शॉल, साफा और तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। गुरुवार दोपहर समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलेक्टर को सम्मानित किया।
साफा पहनाकर तलवार भेंट की
कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट अशोक भदौरिया और भुजबल सिंह ने कलेक्टर को शॉल ओढ़ाया, साफा पहनाया और तलवार भेंट की। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने तलवार को म्यान से निकालकर सशक्तता और सम्मान का प्रतीक बताया और फिर वापस म्यान में डाल दिया। इस पर मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
तलाशे जा रहे सियासी मायने
क्षत्रिय समाज के इस सम्मान के लोग अलग मायने निकाल रहे हैं। वहीं, कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के लोग सम्मान देने आए थे और इसे प्रतीक के रूप में स्वीकार किया गया है। इसमें किसी तरह की गलत बात नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मान समाज की परंपरा और आस्था से जुड़ा हुआ है। गौरतलब है भिंड कलेक्टर और बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के विवाद के बाद क्षत्रिय समाज का यह सम्मान कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कलेक्टर में समाज ने जताया भरोसा
सूत्रों के मुताबिक, करीब 8 से 10 लोग कलेक्टर से मिलने उनके चेंबर तक पहुंचे, जबकि बाहर खड़े समाज के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा नजर आया। क्षत्रिय समाज ने कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को ईमानदार और सख्त प्रशासक बताते हुए भरोसा जताया कि वे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का काम मजबूती से जारी रखेंगे।