भिंड। नेशनल हाइवे स्थित लोधी Petrol pump firing Bhind पेट्रोल पम्प पर शनिवार सुबह हुई फायरिंग से मध्यप्रदेश दहल गया। बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाने आए बाइक सवार दो युवकों से पेट्रोल पम्प कर्मचारियों का विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवकों ने हथियार लाकर पेट्रोल पम्प पर अंधाधुध फायरिंग कर डाली। गोली लगने से पेट्रोल पम्प संचालक तेज नारायण लोधी (55) बुरी तरह घायल हो गए, जिसे उपचार के लिए रिफर किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में आरोपी कैद, तलाश जारी
लोधी पेट्रोल पम्प पर फायरिंग करने वाले आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि इस वारदात का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वहीं, पेट्रोल पम्प पर मौजूद कई लोग फायरिंग के बाद जान बचाने के लिए इधर उधर भाग खड़े हुए थे, उन्होंने ने भी घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी है। बताया गया कि पुलिस ने फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर दोनों की पहचान कर ली है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
प्रदेशभर में बढ़ा विवाद
दरअसल, भोपाल और इंदौर कलेक्टर पहले ही आदेश जारी कर चुके हैं कि बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं मिलेगा। इसके बाद से प्रदेश के कई पंपों पर विवाद और झगड़े बढ़ने लगे हैं। इंदौर में एक युवक ने तो पंप पर जलती तीली फेंक दी थी और दूसरे ने चाकू निकाल लिया था। अब भिंड में गोलीबारी ने इस नियम की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुरक्षा दो वरना पंप बंद करेंगे अजय सिंह
मध्यप्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि हेलमेट नियम का पालन करने पर पंपकर्मी लगातार हिंसा का शिकार हो रहे हैं। बिना पुलिस सुरक्षा अब वे यह नियम लागू नहीं कर पाएंगे। यदि प्रशासन ने दबाव डाला तो डीलर्स पंप संचालन तक बंद करने पर मजबूर होंगे।