मथुरा। उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार गुरुवार को वृंदावन पहुंचे और संत प्रेमानंद महाराज से उनके आश्रम में आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डिंपल वर्मा और बेटी भी मौजूद रहीं।
सेवा के साथ अध्यात्म भी जरूरी
आश्रम पहुंचकर पूर्व डीजीपी ने संत प्रेमानंद महाराज से आत्मिक चर्चा की। महाराज ने उन्हें जीवन में संतुलन बनाए रखने और सेवा भावना के साथ आध्यात्मिक मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रशांत कुमार की लंबी सेवाओं की सराहना करते हुए कहा, आपने देश और प्रदेश की सेवा की है। अब भगवान का स्मरण कीजिए और ऐसे कर्म कीजिए कि अगले जन्म में भी मनुष्य जन्म मिले।
मार्गदर्शन के लिए जताया आभार
प्रशांत कुमार ने कहा कि संतों से आशीर्वाद लेना और उनके मार्गदर्शन में आध्यात्मिक जीवन की दिशा समझना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज का आभार व्यक्त किया और कहा कि व्यस्त सेवा जीवन के बाद आत्मचिंतन और साधना भी उतनी ही जरूरी है।
सख्त फैसलों से बनी पहचान
गौरतलब है कि प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा में लंबे समय तक अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते रहे हैं। वे कानून-व्यवस्था संभालने में कड़े फैसलों के कारण सुर्खियों में रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका समाज और प्रशासन से जुड़ाव बना हुआ है। वृंदावन आगमन को स्थानीय लोगों ने भी विशेष माना और उन्हें देखने के लिए आश्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।