नई दिल्ली। भारत के कई राज्यों में इस समय प्राकृतिक आपदाओं का असर गहराता जा रहा है। सबसे बड़ी चिंता उत्तर प्रदेश के आगरा की है, जहां यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। ताजमहल (Taj Mahal flood) के पीछे बना पार्क पूरी तरह से डूब चुका है और आसपास की कॉलोनियों में बाढ़ का पानी भर गया है। करीब 25 कॉलोनियां और 40 गांव जलमग्न हो गए (Agra flood news) हैं। यहां 2 से 5 फीट तक पानी भरा है। स्थिति गंभीर होने के चलते 5,000 से ज्यादा लोगों को रिलीफ कैंप में शिफ्ट किया गया है। ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल के आसपास पानी भरने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। वहीं, बाढ़ बारिश से हिमाचल प्रदेश में अब तक (Himachal flood deaths) 380 लोगों की जान गई है तो सिक्किम में लैंडस्लाइड (Sikkim landslide) से 4 लोगों की मौत हो गई है।
सिक्किम में लैंडस्लाइड से 4 की मौत
वेस्ट सिक्किम के यांगथांग के अपर रिंबी इलाके में शुक्रवार रात भूस्खलन हुआ। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नदी की तेज धारा में फंसे लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन देखा जा सकता है।
हिमाचल में बाढ़-बारिश से 380 मौतें
हिमाचल प्रदेश में 20 जून से लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से हालात बेहद खराब हैं। अब तक 380 लोगों की मौत हो चुकी है और 40 लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा 48 मौतें लैंडस्लाइड में हुईं, जबकि क्लाउडबर्स्ट से 17 लोगों की जान गई। आज भी प्रदेश में 3 नेशनल हाईवे समेत 500 से ज्यादा सड़कें बंद पड़ी हैं।
राजस्थान में मानसून फिर होगा एक्टिव
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 सितंबर से मानसून दोबारा सक्रिय होगा। खासतौर पर कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।