रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में सनसनी फैल गई है। राज्य सरकार की एकमात्र महिला मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े (Laxmi Rajwade) को जान से मारने की धमकी दी गई है। इतना ही नहीं, धमकी देने वाले ने उन्हें और उनके परिवार को झूठे घोटाले में फंसाने की भी बात कही थी। मंत्री की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी रविन्द्र यादव को गिरफ्तार (Ravindra Yadav Arrest) कर लिया है।
प्रदेश की एकमात्र महिला मंत्री
लक्ष्मी राजवाड़े इस समय महिला एवं बाल विकास मंत्री हैं और सरगुजा इलाके में बीजेपी का बड़ा चेहरा मानी जाती हैं। वह 1992 में एक साधारण परिवार में जन्मीं और सूरजपुर जिले की भटगांव विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुनी गईं। पहली बार चुनाव लड़ते ही उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज पारस राजवाड़े को करारी शिकस्त दी थी और 43 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। यही नहीं, उनकी सादगी भी उन्हें लगातार सुर्खियों में बनाए रखती है—कभी खेत में धान की रोपाई करते तो कभी आम महिलाओं के बीच बैठकर काम करते उनकी तस्वीरें चर्चा में रही हैं।
प्रभावशाली मंत्री की पहचान
राजनीतिक गलियारों में तब भी हलचल मची थी जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट में उन्हें शामिल किया गया। रेणुका सिंह और गोमती साय जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़कर जब महज 31 साल की उम्र में उन्हें मंत्री बनाया गया तो यह बीजेपी के भीतर भी बड़ा संदेश माना गया।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज
अब धमकी प्रकरण ने उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और धमकी के पीछे की मंशा और साजिश का खुलासा जल्द किया जाएगा। इस घटना के सामने आने के बाद से समर्थकों और क्षेत्रवासियों में आक्रोश है और मंत्री को सुरक्षा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है।