धुबरी। असम के मुख्यमंत्री हिमांता बिस्वा सरमा ने दुर्गा पूजा के मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेहद सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है धुबरी जिले में दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार का उत्पात या उपद्रव करने वालों पर ‘Shoot at Sight’ का आदेश लागू रहेगा।
सुरक्षा बलों को दी छूट
सीएम सरमा ने साफ कहा कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होनी चाहिए और किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति दंगा, हिंसा या अशांति फैलाने की कोशिश करता है, तो सुरक्षा बलों को बिना किसी हिचकिचाहट के उस पर कार्रवाई करने का अधिकार होगा।
बांग्लादेश सीमा से सटा है धुबरी जिला
धुबरी जिला असम-बांग्लादेश सीमा से सटा हुआ है और यहां त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा बड़ी चुनौती मानी जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने यह कड़ा फैसला लिया है। उनका कहना है कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक है, इसलिए इसमें किसी भी तरह का खलल नहीं आने दिया जाएगा।
सीएम के आदेश के बाद प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को त्योहार के दौरान सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। सरकार का स्पष्ट संदेश है किसी भी तरह की अराजकता को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना ही प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।